शास्त्रीनगर में प्रदर्शन करने वाले लोगों को दिए नोटिस:पुलिस और प्रशासन द्वारा कोर्ट की अवमानना का दिया तर्क, व्यापारी बोले बनाया जा रहा दबाव


मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में चल रहे धरने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। नौचंदी थाना पुलिस ने धरने में शामिल कई लोगों को न्यायालय की अवमानना संबंधी नोटिस जारी किए हैं। इनमें सपा नेता जीतू नागपाल, शैंकी वर्मा समेत दर्जनों लोगों के नाम शामिल हैं। देर रात करीब 12 बजे से पुलिस ने नोटिस बांटने की कार्रवाई शुरू की। धरने में शामिल कुछ महिलाओं को भी नोटिस दिए गए हैं। नौचंदी थाना इंस्पेक्टर अनूप कुमार की ओर से जारी नोटिस में न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 का हवाला देते हुए कहा गया है कि किसी भी न्यायिक कार्यवाही में हस्तक्षेप करने या उसके प्रभाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें। ऐसा करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में सहयोग करने की अपील भी की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की विरोधात्मक गतिविधि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा मानी जा सकती है। उधर, सेंट्रल मार्केट के व्यापारी और प्रदर्शनकारी प्रशासन की कार्रवाई को धरना समाप्त कराने की कोशिश बता रहे हैं। उनका कहना है कि महिलाएं कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रही हैं और अब बड़ी संख्या में व्यापारी भी आंदोलन से जुड़ रहे हैं। ऐसे समय में नोटिस जारी कर आंदोलन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *