![]()
बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती पॉक्सो एक्ट की महिला बंदी बुधवार शाम पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई। कोर्ट में पेशी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे जेल से अस्पताल लाया गया था। यहां सुरक्षा में तैनात महिला सिपाहियों को बाथरूम जाने का झांसा देकर वह अस्पताल परिसर से निकल गई। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। फरार बंदी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कोर्ट में पेशी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत इज्जतनगर के तुला गांव निवासी 48 वर्षीय ममता देवी पत्नी पप्पू वाल्मीकि के खिलाफ फरीदपुर थाने में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह जिला जेल में बंद थी। 31 अगस्त को उसे विशेष पॉक्सो कोर्ट (एडीजे) में पेशी के लिए लाया गया था। कोर्ट परिसर में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। बाथरूम जाने की बात कहकर निकली अस्पताल में ममता देवी की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसोदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। बुधवार शाम करीब 6 बजे ममता ने दोनों सिपाहियों से बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद वह पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर अस्पताल परिसर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दोनों सिपाहियों को उसके फरार होने का पता चला। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को इसकी सूचना दी। दोनों महिला सिपाही सस्पेंड, तलाश में जुटीं टीमें बंदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे। एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दोनों महिला पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। पुलिस ने फरार ममता देवी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Source link
बरेली जिला अस्पताल से चकमा देकर फरार हुई महिला कैदी:लापरवाही पर दो महिला सिपाही सस्पेंड, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दे रहीं दबिश