शामली में बंदरों के हमले से महिला की मौत:घर के पास उपले बनाते समय हुआ हादसा, ग्रामीणों ने किया हंगामा


शामली के कांधला थाना क्षेत्र के रामपुर खेड़ी गढ़ गोसाई गांव में बंदरों के हमले से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब महिला घर के पास गोबर के उपले बना रही थी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिंटू की पत्नी पिंकेश घर के पास उपले बना रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों का एक झुंड वहां आ पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमले में पिंकेश गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका के पति मिंटू, जो एक भट्ठा मजदूर हैं, ने बताया कि उनके दो बेटे अरविंद और शिव हैं, जबकि बेटी रूपा की शादी हो चुकी है। इस हादसे से परिवार सदमे में है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ हंगामा करते हुए आवारा बंदरों से निजात दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्राम प्रधान सोमगिरि ने बताया कि गांव में अब तक बंदरों को पकड़ने के लिए कोई विशेष अभियान नहीं चलाया गया है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए इन बंदरों को पकड़ने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल गांव में भय और गुस्से का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *