![]()
बिजनौर जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जिला स्तरीय स्थाई समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिला प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना और पत्रकारों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करना था। जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ हैं और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। जिन प्रकरणों का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण यहीं कराया जाएगा। बैठक में सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन और पत्रकारों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह समिति गठित की गई है। समिति के मान्यता प्राप्त पत्रकार सदस्यों ने पत्रकारों के विरुद्ध शिकायतों की जांच राजपत्रित अधिकारी से कराए जाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया।
Source link
बिजनौर में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक:डीएम बोले- प्राथमिकता से होगा पत्रकारों की समस्याओं का निस्तारण