शादी से 3 दिन पहले दूल्हे की करंट से मौत:प्रयागराज में फोन पर बात कर रह थे, तभी बिजली की झालर के चपेट में आए


प्रयागराज में शादी से महज तीन दिन पहले एक घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। कथा के दौरान सजावट के लिए लगे बिजली के झालर से दूल्हे को करंट लग गया। गंभीर हाल में उसे पहले शहर में ही और फिर लखनऊ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। फिलहाल घरवालों ने बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अशोक नगर में रहते थे
घटना कैंट के अशोक नगर, सदर बाजार में हुई। यहां रहने वाले अविनाश पाल उर्फ मोहित (27) की 21 अप्रैल को शादी थी। वह रेलवे में ट्रैकमैन थे और उनकी तैनाती एनसीआर में थी। घर में तैयारियां चल रही थीं, रिश्तेदार आना शुरू हो गए थे और शुक्रवार को कथा रखी गई। साथ ही मठमंगरा भी होना तय था। घर में पूरी तरह खुशियों वाला माहौल था।
भाई अमरेश ने बताया, शाम करीब साढ़े चार बजे कथा चल रही थी। इसी बीच अविनाश के मोबाइल पर फोन आया। वह बात करने के लिए दूसरी मंजिल पर चले गए। इसी दौरान वह दूसरी मंजिल पर लगे बिजली के झालर की चपेट में आ गए।
झटका लगने से सिर दीवार से टकराया
करंट का झटका लगने से उनका सिर दीवार से टकरा गया और वह वहीं गिर पड़े। वह बहुत देर तक नीचे नहीं आए। इसी दौरान लोग ऊपर पहुंचे तो उन्हें अचेत पड़ा देखा। इस पर घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।
रेलवे की टीम से खेलते थे फुटबाल
अविनाश घर के बड़े बेटे थे। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के कारण परिवार की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। उनके छोटे भाई अमरेश ने बताया कि उन्हें फुटबॉल का काफी शौक था और वह रेलवे की टीम से भी खेलते थे।
इस हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ रोने की आवाजें हैं। पिता अवधेश पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। दुल्हन के घर में भी छाया मातम
उधर, दुल्हन के घर पीपलगांव में भी जैसे ही खबर पहुंची, वहां भी मातम छा गया। शादी की तैयारी कर रहा परिवार सदमे में है।
शनिवार को शव घर पहुंचा तो माहौल और भी गमगीन हो गया। देर शाम रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें दोनों परिवारों के लोग शामिल हुए।
पुलिस को सूचना नहीं
कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई सूचना नहीं मिली। ऐसे में क्या हुआ, वह फिलहाल कुछ नहीं बता सकते।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *