शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, निजी स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार:देवरिया में पीड़िता शिक्षिका से चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप


देवरिया में शादी का झांसा देकर चार साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में एक निजी विद्यालय के प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को मंगलवार शाम बालेपुर चौराहे के पास से हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र की निवासी है और खुखुन्दू थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान विद्यालय का प्रबंधन देख रहे सौरभ गुप्ता से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पीड़िता का आरोप है कि सौरभ गुप्ता ने शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि पिछले चार वर्षों तक वह आरोपी के आश्वासन पर शादी का इंतजार करती रही। इस दौरान उसने परिवार की ओर से आए अन्य वैवाहिक प्रस्ताव भी ठुकरा दिए। आरोप है कि जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर सलेमपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी सौरभ गुप्ता (29), पुत्र वसंत कुमार उर्फ बबलू प्रधान, निवासी परसिया भगवती, थाना खुखुन्दू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक दीपक पटेल और कांस्टेबल श्यामकुंवर यादव की टीम ने आरोपी को बालेपुर चौराहे से करीब 200 मीटर आगे शिवम ट्रेडर्स के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *