![]()
फिरोजाबाद में स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार देर शाम फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के पास पथराव हुआ। इस ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भी थे। इस घटना से रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पथराव में ट्रेन के ई-1 कोच की एक खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया, हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई और संघ प्रमुख पूरी तरह सुरक्षित रहे। गाड़ी संख्या 12003 लखनऊ से नई दिल्ली जा रही थी। शाम करीब सात बजे फिरोजाबाद के आउटर क्षेत्र में पेमेश्वर रेलवे गेट के पास अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका। पत्थर ई-1 कोच में सीट संख्या 53-54 के पास लगा, जिससे खिड़की का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
इस अचानक हुई घटना से कोच में बैठे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष प्रयागराज से अलर्ट जारी किया गया। ट्रेन के टूंडला जंक्शन पहुंचने से पहले ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सतर्क कर दिया गया। ट्रेन शाम 7:34 बजे टूंडला स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची, जहां आरपीएफ निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने टीम के साथ कोच का निरीक्षण किया। जांच में पुष्टि हुई कि केवल बाहरी शीशा टूटा है और किसी यात्री को कोई चोट नहीं लगी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, संघ प्रमुख मोहन भागवत ई-1 कोच की सीट संख्या 39 और 40 पर यात्रा कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी सुरक्षा की पुष्टि की। जांच और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद ट्रेन को शाम 7:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी, एलआईयू तथा सर्विलांस टीम भी सक्रिय हो गई। अधिकारियों ने पेमेश्वर गेट और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संभावित आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विनीत सागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी शराबी व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंके जाने की आशंका सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से घटना की जांच में जुटी हैं।
Source link
शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, मोहन भागवत भी सवार थे:खिड़की का शीशा टूटा, फिरोजाबाद में सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस