![]()
हरदोई की सांडी पुलिस ने सर्राफा व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1,06,500 रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। ये आरोपी क्षेत्र के लोगों और अन्य व्यापारियों का विश्वास जीतकर जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विपिन गुप्ता और उनके पुत्र प्रिंस गुप्ता के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से ग्राम साबिरपुर के निवासी हैं और वर्तमान में चचरापुर में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सांडी क्षेत्र में सर्राफा की दुकान खोलकर आम जनता और व्यापारियों को ठगी का शिकार बनाया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सांडी थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला 2जून को रंजीत सिंह की शिकायत पर दर्ज हुआ था। इसमें विपिन गुप्ता पर उनसे बड़ी रकम उधार लेकर दुकान बंद कर फरार होने का आरोप है। दूसरा मामला 11जून को सर्राफा व्यापारी अरविंद कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। इसमें आरोप है कि विपिन, प्रिंस और पीयूष गुप्ता दुकान से बेचने के लिए जेवर ले गए थे और पैसे मांगने पर अभद्रता कर भाग गए। तीसरा मामला 14 जून को शिवसागर पाल की शिकायत पर दर्ज हुआ, जिसमें ग्रामीणों द्वारा गिरवी रखे गए सोने के हार व अन्य जेवर लेकर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,06,500 रुपये नकद के साथ बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सोने के आभूषणों में 3 हार, 1 मंगलसूत्र, 3 मांगबेदी, 2 नथुनी, 2 जोड़ी झुमकी, 1 जोड़ी बाला, 1 जोड़ी कान के टप्स, 1 जोड़ी कुंडल, 1 जोड़ी झाला, 1 जोड़ी बाली, 1 अंगूठी, 1 चैन और 1 लाल मोती की माला मय लॉकेट शामिल हैं। चांदी की 2 कमर करधनी, 2 जोड़ी हथफूल, 1 जोड़ी बिछुआ और 2 जोड़ी पायल भी बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली सांडी पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बसन्तराम, उपनिरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा, शुभम यादव, अरविन्द, शुभम , नीरजर आदि शामिल रहे।
Source link
व्यापार के नाम पर ठगी करने के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार:एक लाख कैश और सोने-चांदी के जेवर मिले, दुकान खोलकर की धोखाधड़ी