वाराणसी में जुआरियों के मददगार चौकी इंचार्ज-दरोगा और सिपाही निलंबित:CP की टीम ने 4 आरोपी दबोचे, नगदी समेत नोट गिनने की 3 मशीनें बरामद


वाराणसी के कैंट इलाके में खुलेआम लाखों रुपए के जुएं के फड़ सजने की शिकायतों के बाद पुलिस कमिश्नर नींद से जाग उठे। जनता में पुलिस की फजीहत होने के बाद सीपी ने टीम भेजकर छापा मरवाया तो मौके से जुआरियों को दबोचा गया। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही बड़ा दांव लगाने वाले सफेदपोश मौके से भाग निकले। पुलिस टीम के हाथ केवल 4 जुआरी लगे, फड़ पर 21 हजार रुपये बरामद हुए। मौके से नोट गिनने वाली तीन मशीनें भी बरामद हुई, जिससे साफ है छापेमारी वाली जगह जुआं लाखों का होता है। पुलिस कमिश्नर ने जुआरियों की मदद और सूचनाओं के वाबजूद छापेमारी नहीं करने वाले चौकी इंचार्ज नदेसर समेत दो दरोगाओं और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा कैंट इंस्पेक्टर की भूमिका की जांच भी की जा रही है। सीपी ने इंस्पेक्टर, दोनों दरोगाओं और सिपाही के खिलाफ फाइल खोलकर विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। साक्ष्य के बाद इन सभी पर कठोर कार्रवाई का अंदेशा है। बता दें कैंट, सिगरा, भेलूपुर और लंका के इलाकों में थानेदारों और चौकी इंचार्ज की मिलीभगत से खुलेआम जुएं के फड़ सज रहे हैं।
वाराणसी में मंगलवार की रात चौकी इंचार्ज नदेसर समेत हल्का के दरोगा और बीट सिपाही की कलई खुल गई। चौकी प्रभारी नदेसर उप निरीक्षक सुमित पाण्डेय, हल्का प्रभारी उप निरीक्षक लल्लन यादव एवं मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा खुलेआम जुआं खिलवाने वालों के मददगार निकले। पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक कैंट के मिन्ट हाउस तिराहे के पास बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालन की सूचना मिली। सीपी मोहित अग्रवाल ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारीगण को आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए भेजा। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने चौकी इंचार्ज समेत टीम लेकर छापेमारी की। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान जुआरियों में भगदड़ मच गई, मौके से भागते हुए 4 अभियुक्तों को पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि बताया गया कि कुछ अभियुक्त पहले ही भाग निकले हैं। टीम को मौके से 21 हजार रुपए, 3 नोट गिनने की मशीनें, 10 गड्डी नए ताश के पत्ते बरामद हुए। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि जुआं लंबे से से खुला जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जज ने जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर-चौकी इंचार्ज ने नहीं मारा छापा, खंगाली जाएगी कुंडली सीपी के निर्देश पर कार्रवाई के बाद जांच टीम ने रिपोर्ट पेश की। जांच में समीक्षा और साक्ष्यों, तथ्यों के परीक्षण में पाया कि उक्त स्थान पर अवैध जुआ का संचालन काफी समय से किया जा रहा था। इसके बावजूद एक्शन नहीं लिया गया। स्थानीय स्तर पर शिकायतें आई लेकिन प्रभावी निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई। चौकी इंचार्ज, दरोगा और सिपाही ने इस संबंध में उच्चाधिकारीगण को आज तक या किसी भी समय से अवगत नहीं कराया गया। जांच में इससे यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने एवं समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराने में गंभीर शिथिलता एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरती गई। अब इंस्पेक्टर, चौकी इंचार्ज की कुंडली खंगाली जाएगी। एक अलग टीम इनकी भूमिकाओं की जांच करेगी। दरोगा शिवम पाण्डेय की शह पर सजता था जुएं का फड़ पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जांच रिपोर्ट के बाद मामले का स्वयं संज्ञान लेते दरोगाओं और सिपाही की भूमिका को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। प्रथम दृष्टया पता चला कि चौकी इंचार्ज दरोगा शिवम पाण्डेय की मिलीभगत और शहर पर जुएं का फड़ सजता था। सीपी ने पुलिस कर्मियों की लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर चौकी प्रभारी नदेसर उप निरीक्षक सुमित पाण्डेय, हल्का प्रभारी उप निरीक्षक लल्लन यादव एवं मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, इस प्रकरण में स्थानीय थाना स्तर पर पर्यवेक्षण एवं नियंत्रण संबंधी दायित्वों के दृष्टिगत कैंट थाना प्रभारी की भूमिका की भी पृथक से जांच कराई जा रही है । जांच में जो भी अधिकारी अथवा कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीपी का फिर निर्देश, दावे हर बार खोखले पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कमिश्नरेट वाराणसी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संगठित अपराध, जुआ, सट्टा अथवा अन्य गैरकानूनी कृत्यों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर पुलिस कर्मियों की लापरवाही, उदासीनता अथवा अवैध गतिविधियों के प्रति संरक्षण अथवा अनदेखी पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोरतम विभागीय एवं विधिक कार्रवाई जाएगी। हालांकि ऐसे तमाम दावे खोखले साबित हुए हैं और पुलिस मनमानी करती रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *