वाराणसी में एक्सीडेंट में युवक की मौत:बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था, बाइक फिसलने से सिर में लगी चोट


वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में 35 साल के युवक की मौत हो गई। युवक अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। रास्ते में बारिश से फिसलन भरी सड़क पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरसा गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय (35) के रूप में हुई है। वह शटरिंग मिस्त्री का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि वह रोजाना अपने बच्चे को घर से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर स्थित निजी स्कूल छोड़ने जाते थे। शुक्रवार सुबह भी बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे। घर से दो किलोमीटर पहले हुआ हादसा बताया गया कि घर से करीब दो किलोमीटर पहले छितौनी गांव के पास उनकी बाइक अचानक फिसल गई। लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। संतुलन बिगड़ने पर अभिषेक सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर सड़क से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पहचानकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिवार के बड़े बेटे थे अभिषेक परिजनों ने बताया कि अभिषेक, प्रमोद उपाध्याय के दो बेटों और एक बेटी में सबसे बड़े थे। उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की एक खास बात यह रही कि बाइक को मामूली खरोंच भी नहीं आई, लेकिन गिरने के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलने पर लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *