![]()
भुवनेश्वर से कोलकाता होते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री ने इंडिगो एयरलाइन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्री का कहना है कि उनके चेक-इन बैगेज का लॉक टूटा हुआ मिला और एयरलाइन ने उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जांच और उचित मुआवजे की मांग की है। यात्री हिमांशु भुवनेश्वर से इंडिगो की उड़ान से वाराणसी पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर सामान प्राप्त करते समय उन्होंने देखा कि उनके चेक-इन बैग का लॉक टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद एयरलाइन अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया। हिमांशु का आरोप है कि एयरलाइन के स्थानीय प्रबंधन ने उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। उनके अनुसार, अधिकारियों ने यह कहते हुए शिकायत स्वीकार नहीं की कि यात्री पहले का फोटो दिखाएं, जिससे यह साबित हो सके कि यात्रा से पहले बैग का लॉक सही स्थिति में था। यात्री ने अपनी एक्स पोस्ट में सवाल किया कि क्या हर यात्री से यह अपेक्षा की जा सकती है कि वह प्रत्येक उड़ान से पहले अपने सामान की तस्वीर खींचकर रखे। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो एयरलाइन ने एक्स पर जवाब दिया और यात्री से डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से अपना पीएनआर साझा करने का अनुरोध किया। एयरलाइन ने कहा कि वे शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। वहीं, इंडिगो के स्थानीय मैनेजर से संपर्क किए जाने पर उन्होंने मामले में कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि वह सीधे यात्री से ही बातचीत करेंगे।
Source link
वाराणसी में इंडिगो यात्री के चेक-इन बैग का लॉक टूटा:एयरलाइन पर शिकायत न दर्ज करने का आरोप, मुआवजे की मांग