![]()
कन्नौज में गुरुवार को लेखपाल मुख्य परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 13 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 758 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के दौरान, जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बसुदेव सहाय इंटर कॉलेज और जेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की। जिले में कुल 4176 अभ्यर्थी लेखपाल परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 758 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 3418 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने ड्यूटी पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्रों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दी जाए। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
Source link
लेखपाल परीक्षा में 758 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे:कन्नौज के 13 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा