कानपुर देहात में झोपड़ी में आग, बुजुर्ग महिला की मौत:पिता-पुत्र पर आगजनी की FIR, रास्ते को लेकर था विवाद


कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के रजऊ गांव में झोपड़ी में आग लगने के बाद बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ आगजनी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना 23 सितंबर की दोपहर करीब 3 बजे की है। रजऊ गांव में अचानक एक झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और झोपड़ी में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झोपड़ी धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है। आसपास के लोग पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पिता-पुत्र पर लगाया आग लगाने का आरोप पीड़ित पूजा पत्नी विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में गांव के रामकिशुन और उसके बेटे सौरभ पर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा था कि अगर दोबारा यहां झोपड़ी रखी तो पूरे परिवार को जिंदा जला देंगे। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पूजा की बहन सुषमा देवी को भी चोट लगने की बात कही गई है। आग देखकर बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ी, देर रात मौत झोपड़ी और घरेलू सामान को जलता देखकर 60 वर्षीय लक्ष्मी देवी सदमे में आ गईं। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और देर रात उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि लक्ष्मी देवी पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनकी मौत आग लगने के सदमे से हुई या किसी अन्य वजह से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश भी की थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि राजस्व टीम के जाने के बाद झोपड़ी में आग लगाई गई। मड़ौली अग्निकांड की याद आई रसूलाबाद की इस घटना के बाद वर्ष 2023 के मड़ौली अग्निकांड की चर्चा फिर शुरू हो गई है। कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में 13 फरवरी 2023 को राजस्व टीम के झोपड़ी हटाने पहुंचने के दौरान आग लग गई थी। उस घटना में झोपड़ी के अंदर मां-बेटी की मौत हुई थी। मामला काफी चर्चित रहा था। रजऊ गांव की घटना में आग से किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई, लेकिन झोपड़ी जलने के बाद सदमे में बुजुर्ग महिला की मौत ने घटना को गंभीर बना दिया है। FIR दर्ज, जांच के बाद आगे की कार्रवाई रसूलाबाद सीओ के मुताबिक, झोपड़ी में आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और आग पर काबू पाया गया था। लिखित शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *