लापता पल्लेदार का शव सरयू नहर में मिला:बस्ती में रविवार शाम से था गायब, बाइक पुल पर खड़ी मिली


बस्ती रविवार शाम से लापता एक पल्लेदार का शव सोमवार देर शाम सरयू नहर में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पिपराचन्द्रपति गांव निवासी परशुराम (45) राजाराम रविवार शाम से अपने घर से गायब थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार देर रात करीब नौ बजे भरतपुर स्थित नहर के पुल पर उनकी बाइक खड़ी मिली थी, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई थी। सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे पिपराचन्द्रपति और भरतपुर गांव के बीच सरयू नहर खंड चार की पुलिया के पास कुछ लोगों ने पानी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। शव की पहचान परशुराम के रूप में हुई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित किया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फुलचंद राजभर ने बताया कि परशुराम एक गरीब परिवार से थे और रेलवे मालगोदाम में पल्लेदारी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर सुनकर पत्नी ऊषा देवी, बड़ी बेटी रिंकी और बेटे लवकुश का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि परशुराम नहर तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *