लाइन ठीक करने खंभे पर चढ़े युवक की मौत:तार जोड़ते समय शुरू हो गई सप्लाई, करंट लगने से नीचे गिरा


हरदोई में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में रविवार की शाम बिजली के खंभे पर काम कर रहे एक व्यक्ति को अचानक करंट लग गया। करंट लगने से वह खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। ग्राम दौलतपुर निवासी कपिल बिजली मिस्त्री का काम करते थे। उनके पिता रामदास ने बताया कि कपिल बेनीगंज पावर हाउस में तैनात एक लाइनमैन के साथ बिजली संबंधी कार्य करते थे। वह लाइनमैन भी उन्हीं के गांव में रहता है। रविवार शाम कपिल के चाचा विपिन के घर बिजली का तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। विपिन ने कपिल को इसकी सूचना दी, जिसके बाद कपिल तार ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े। रामदास ने दावा किया कि कपिल ने लाइनमैन के माध्यम से शटडाउन लिया था। तार जोड़ते समय अचानक बिजली आ गई, जिससे कपिल को करंट लग गया। करंट लगने से वह खंभे से नीचे जमीन पर गिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कपिल की शादी वर्ष 2024 में वर्षा से हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने दो भाइयों में बड़े थे। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *