![]()
आजमगढ़ के दीदारगंज में शुक्रवार देर रात निजी क्लिनिक में इंजेक्शन लगने के बाद 45 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए जौनपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन निजी क्लिनिक पहुंचे और हंगामा करते हुए डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दवा लेने क्लिनिक पहुंची थी महिला चितारा महमूदपुर गांव के बिछियापुर निवासी शशिकला देवी (45) पत्नी रामकिशुन यादव शुक्रवार देर शाम पैदल दवा लेने मकदूमपुर बाजार स्थित निजी क्लिनिक पहुंची थीं। परिजनों के मुताबिक, क्लिनिक में डॉक्टर कलेन्द्र यादव ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही शशिकला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलने पर परिजन क्लिनिक पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए जौनपुर ले गए। वहां डॉक्टर ने शशिकला को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही क्लिनिक पर हंगामा महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन वापस मकदूमपुर बाजार स्थित क्लिनिक पहुंचे। यहां उन्होंने हंगामा करते हुए डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, डॉक्टर कलेन्द्र यादव बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव के रहने वाले हैं और कई वर्षों से मकदूमपुर बाजार में निजी क्लिनिक चला रहे हैं। पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई दीदारगंज थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत के मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
इंजेक्शन लगने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी, मौत:आजमगढ़ में निजी क्लिनिक पर परिजनों का हंगामा; डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग