![]()
ललितपुर में पोस्टमार्टम हाउस में रखे तीन शवों का पोस्टमार्टम सोमवार शाम तक नहीं हो सका। पंचनामा कार्रवाई के कागजात पहुंचने में हुई देरी के कारण परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम 5 बजे तक भी शवों का पोस्टमार्टम शुरू नहीं हो पाया था, जबकि कुछ शवों को 22 से 24 घंटे पहले ही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पंचनामा के कागजात लेकर देरी से पहुंचे। कस्बा बानपुर निवासी प्यारे लाल कुशवाहा ने बताया कि उनके भतीजे की मौत 23 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से हुई थी। शव को उसी दिन शाम 5 बजे मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया था। सोमवार दोपहर 2 बजे शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शाम 4:45 बजे तक पंचनामा के कागजात नहीं पहुंचे थे। इसी तरह, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के ग्राम कारी पहाड़ी के अमित ने बताया कि 23 अगस्त की शाम एक दुर्घटना में उनकी पत्नी रचना की मौत हो गई थी। 22 घंटे बीत जाने के बाद भी शाम 5 बजे तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। युवक ने बताया कि डॉक्टर और स्टाफ दोपहर से ही पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद थे, लेकिन पंचनामा के कागजात नहीं आए थे। पंचनामा भरने में हो रही इस लेट-लतीफी के कारण पोस्टमार्टम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इस संबंध में लोगों ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
Source link
ललितपुर में शवों के पोस्टमार्टम में 22 घंटे की देरी:पंचनामा कार्रवाई में लेट लतीफी पर परिजनों ने जताया आक्रोश ,डीएम से की शिकायत लोग