![]()
अयोध्या जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार, 24 अगस्त को दोपहर बाद से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। जहां जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं थी, वहां जलभराव की स्थिति बन गई। यह बारिश धान और गन्ने की फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, लेकिन सब्जी उत्पादक किसानों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। खेतों में पानी भरने से सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं और मंडियों में आवक घटने से कीमतों में तेजी आई है। बारिश के कारण टमाटर, हरी मिर्च, धनिया, भिंडी, लौकी, तोरई, गोभी और लहसुन सहित अन्य सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। कुमारगंज नवीन मंडी के व्यापारी दिनेश कुमार ने बताया कि बारिश के बाद सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। लगभग 150 रुपये प्रति किलो बिकने वाला लहसुन अब 340 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, 25 से 30 रुपये प्रति किलो,किलो बिकने वाला टमाटर मंडी में अब लगभग 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। बढ़ती कीमतों का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ा है, जहां पहले एक किलो सब्जी खरीदने वाले ग्राहक अब आधा किलो ही खरीद रहे हैं।
किसानों के अनुसार, लगातार बारिश से तोरई और कद्दू की फसलें खराब होने लगी हैं। जिन किसानों ने लौकी की बुवाई ऊंचाई वाले स्थानों पर की है, उनकी फसलें फिलहाल बची हुई हैं, लेकिन पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सोमवार को कुमारगंज में 15.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 81 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा 1.4 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पूर्वी दिशा में चली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना जताई है, कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है।
Source link
अयोध्या में बारिश से धान-गन्ने को राहत:सब्जियों की फसल प्रभावित, दाम बढ़े; लहसुन ₹340/किलो पहुंचा