ललितपुर में बाइक की टक्कर के बाद बवाल:उलाहना देने पहुंचे परिजनों पर फेंका मिर्च पाउडर, दोनों पक्षों पर कार्रवाई


ललितपुर के कोतवाली सदर क्षेत्र में बाइक की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट तक पहुंच गया। आरोपी पक्ष पर परिजनों पर मिर्च पाउडर फेंकने का आरोप है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे मोहल्ला रैदापुरा की है। 70 वर्षीय मिथला पत्नी स्व. रामरतन अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि टक्कर मारने वाले युवक को उलाहना देने के लिए महिला के परिजन उसके जेल चौराहे स्थित घर पहुंचे। आरोप है कि वहां आरोपी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपी घर के अंदर से लाल मिर्च पाउडर लाकर परिजनों पर फेंक दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बाइक भी बरामद कर ली है। वहीं, बाइक चालक लाला ने भी आरोप लगाया है कि महिला के परिजन उसके घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने एक पक्ष से एक व्यक्ति और दूसरे पक्ष से दो लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *