![]()
ललितपुर जिले के ग्राम सेमरा भागनगर में गुरुवार दोपहर तेज आंधी के बीच एक आम का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। इस घटना में पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी एक महिला की दबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। महिला की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना बार अंतर्गत ग्राम सेमरा भागनगर निवासी 55 वर्षीय सरजू बाई पत्नी चुन्नालाल पाल गुरुवार को अपने पति के साथ खेत पर बकरियां चरा रही थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश और आंधी से बचने के लिए पति-पत्नी अलग-अलग पेड़ों के नीचे जाकर खड़े हो गए। सरजू बाई एक बड़े आम के पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज हवाओं के दबाव से विशाल आम का पेड़ जड़ समेत उखड़ गया और उनके ऊपर आ गिरा। उसी समय पास के खेत में उनका भतीजा नंदराम पाल मौजूद था। पेड़ गिरने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा और देखा कि सरजू बाई पेड़ की डालियों के नीचे दबी थीं। उसने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ की डालियां हटाकर महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के भतीजे नंदराम पाल ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं, बड़ा पुत्र रामरतन चिगलौवा स्थित पावर प्लांट में कार्यरत है और छोटा पुत्र शोभाराम पाल मजदूरी के लिए इंदौर गया हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
Source link
ललितपुर में आंधी से आम का पेड़ गिरा:बारिश से बचने के लिए खड़ी महिला की दबकर मौत, बकरी चराने गई थी