![]()
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी पक्ष ने आरोपों से इनकार करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला भीतर निवासी अरविंद कुमार रस्तोगी की तहरीर पर कोतवाली मोहम्मदी में मुकदमा संख्या 401/2026 दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी बेटी के साथ शंकरपुर राजा निवासी किशोर ने कथित रूप से छेड़छाड़ की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह को सौंपी है। विवेचक द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर, आरोपी किशोर के माता-पिता ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाए, जिससे पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। विवेचक उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी उपलब्ध साक्ष्यों, जिनमें सीसीटीवी फुटेज भी शामिल है, का परीक्षण किया जाएगा। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले को संवेदनशील बताते हुए कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। वहीं, पीड़िता के परिजनों ने फिलहाल मीडिया से बात करने से इनकार किया है।
Source link
लखीमपुर में मासूम से छेड़छाड़ का आरोप:किशोर पर FIR, आरोपी पक्ष ने CCTV फुटेज जांच की मांग की