लखीमपुर खीरी में तीन दिन से रुक-रुककर बारिश:धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार, गर्मी से लोगों को मिली राहत


लखीमपुर खीरी में पिछले तीन दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। लगातार बरसात से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं, धान की रोपाई कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, क्योंकि खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है और सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिली है। जिले में सोमवार से मौसम ने करवट लेनी शुरू की थी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मंगलवार को कुछ समय के लिए तेज धूप निकली, जिससे तापमान बढ़ा, लेकिन दोपहर बाद फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। बुधवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। गुरुवार सुबह 10 बजे से भी बारिश जारी रही। मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, धौरहरा, ईसानगर, मैगलगंज, मितौली और निघासन सहित जनपद के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई है, जिससे लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 10 जुलाई से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जब अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 11 और 12 जुलाई को भी अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ अच्छी बारिश के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग ने 10 से 12 जुलाई के बीच क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी है। पर्याप्त नमी मिलने से रोपाई का कार्य तेज होगा और किसानों को बेहतर उपज की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *