लखनऊ: रिसॉर्ट में गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़:गैस एजेंसी मैनेजर और रिसॉर्ट मालिक समेत 5 पर एफआईआर


लखनऊ में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में जिला प्रशासन और सप्लाई विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के रैकेट का खुलासा किया। मौके से बड़ी संख्या में घरेलू और छोटे सिलेंडर बरामद किए गए हैं। मामले में गैस एजेंसी के प्रोपराइटर, मैनेजर और रिसॉर्ट मालिक समेत कई लोगों के खिलाफ काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
रिसॉर्ट में चल रहा था अवैध रिफिलिंग का धंधा
जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शनिवार को मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को रिसॉर्ट परिसर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग और भंडारण किए जाने के प्रमाण मिले।
कार्रवाई के दौरान परिसर से भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए गए, जिससे साफ हो गया कि यहां बड़े पैमाने पर गैस की कालाबाजारी का धंधा चल रहा था।
65 खाली और 9 भरे घरेलू सिलेंडर बरामद
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से 14.2 किलोग्राम के 65 खाली घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा नौ घरेलू सिलेंडर भरे हुए पाए गए।
टीम को पांच किलोग्राम वाले 14 छोटे सिलेंडर भी मिले। इसके साथ ही मौके से एक बोलेरो मैक्सी ट्रक (यूपी 32 क्यूएन 5729) भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल सिलेंडरों की ढुलाई में किया जा रहा था।
एजेंसी संचालक और रिसॉर्ट मालिक पर मुकदमा
आपूर्ति विभाग ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर असीम भारत गैस एजेंसी की प्रोपराइटर मंजू कनौजिया और एजेंसी के मैनेजर मुन्ना उर्फ इक्तदा हुसैन के खिलाफ कार्रवाई की है।
इसके अलावा मानस विहार आलमनगर निवासी अभिनंदन रिसॉर्ट के मालिक सुरेन्द्र कुमार, बोलेरो मैक्सी ट्रक के मालिक जमील अहमद और साहिल के खिलाफ भी काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आलमबाग सुरेश कुमार सरोज, रविन्द्र कुमार सिंह, परवेज अख्तर, पूर्ति निरीक्षक कौशलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सत्यम मिश्रा और बीपीसीएल के सेल्स ऑफिसर दिग्विजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
टीम ने मौके पर सभी सिलेंडरों की गिनती कर उन्हें जब्त कर लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कालाबाजारी पर शिकंजा कसने की तैयारी
राजधानी में एलपीजी सिलेंडर की कमी को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट और जिला प्रशासन कालाबाजारी पर सख्ती बरत रहे हैं। कई स्थानों पर गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और रिफिलिंग की शिकायतें मिल रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *