![]()
नगर विकास राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश राठौर (गुरु जी) ने शुक्रवार शाम आशियाना गेल गेस्ट हाउस में नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिका औरैया के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वेस्ट मटेरियल से झिलमिल पार्क (वेस्ट टू वंडर पार्क) का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क में विरासत जोन, सेवन वंडर्स, किड्स जोन और फूड कोर्ट विकसित किए जा रहे हैं तथा इसका निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा बंदन योजना के तहत शहीद पार्क के सौंदर्यीकरण और कान्हा गौशाला के निर्माण कार्य की भी जानकारी दी गई। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नई गौशालाओं के निर्माण में जल निकासी की समुचित व्यवस्था के साथ गोबर एवं अन्य अपशिष्ट के उपयोग की प्रभावी योजना भी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे गौशालाएं भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें और आय का स्रोत भी विकसित हो। बाबरपुर-अजीतमल और दिबियापुर की परियोजनाओं का लिया जायजा बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में कान्हा गौशाला के साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके बाद मंत्री ने नगर पंचायत दिबियापुर के दुर्गा नगर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में बंदन योजना के तहत चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था ने बताया कि परियोजना के तहत दो हॉल, मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बहुउद्देशीय हॉल का भी किया निरीक्षण राज्यमंत्री ने दिबियापुर के रामलीला मैदान में बन रहे बहुउद्देशीय हॉल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने बताया कि जलभराव के कारण निर्माण कार्य देर से शुरू हुआ। हॉल में लगभग 1500 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसके साथ बाउंड्री वॉल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
Source link
औरैया में विकास कार्यों की समीक्षा:राज्यमंत्री राकेश राठौर बोले- नई गौशालाओं में जल निकासी व अपशिष्ट प्रबंधन जरूरी