लखनऊ में BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खाने पर बवाल,:छात्रों ने किया हंगामा; खराब भोजन की शिकायत पर विवाद बढ़ा; ब्लॉक हेड पर मारपीट का आरोप, हाईवे जाम करने निकले छात्र


लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में शुक्रवार रात मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों ने जमकर हंगामा किया। बीटेक और बीसीए के छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध किया। आरोप है कि शिकायत करने पर ब्लॉक हेड ने छात्रों से अभद्रता और मारपीट की, जिसके बाद मामला और भड़क गया। घटना सीएमडी ब्लॉक की बताई जा रही है। छात्रों के मुताबिक, मेस में परोसा गया खाना खराब था। इसे लेकर जब उन्होंने शिकायत की तो ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह ने कथित तौर पर कहा कि “यही खाना खाना पड़ेगा।” छात्रों का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई भी की गई। छात्रों ने कहा कि वे बाहर से सब्जी मंगाकर खाना खा लेंगे, लेकिन खराब भोजन नहीं खाएंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित छात्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़े और जाम लगाने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद मामला नियंत्रित हो सका। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *