लखनऊ में मौत के बाद गांव पहुंचा साइंटिस्ट का शव:पिता ने दो सहकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग


युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार देर रात सिसवा नगर पालिका के इंदिरा नगर स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचा। राहुल की लखनऊ के विभूति खंड स्थित नोवेटेल होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। विभूति खंड पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। देर रात करीब साढ़े 12 बजे पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। एम्बुलेंस से शव उतारते ही परिवार में कोहराम मच गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निचलौल के उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रवींद्र कुमार सिंह और कोठीभार पुलिस मौके पर तैनात रही। प्रशासन की निगरानी में लोगों के अंतिम दर्शन की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान पिता संजय सिंह, माता रासमुनि, भाई रोहित सिंह, बहन निशु सिंह सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने राहुल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को सांत्वना दी। पिता का आरोप- दो सहकर्मियों से था जान का खतरा राहुल सिंह के पिता संजय सिंह ने उनके दो सहकर्मियों दुर्गाशंकर मिश्रा और चंद्रभूषण मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि राहुल ने कुछ दिन पहले उन्हें बताया था कि इन दोनों व्यक्तियों से उनकी जान को खतरा है। पिता के मुताबिक राहुल उनके साथ एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और उन्हें आशंका थी कि प्रोजेक्ट के नाम पर किसी साजिश में फंसाया जा सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की पुष्टि नहीं, जांच जारी फिलहाल, राहुल सिंह के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या संबंधित जांच एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आज होगा अंतिम संस्कार राहुल सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह राजाजीपुरम वार्ड स्थित बाबा मंदिर के समीप बेलवा श्मशान घाट पर किया जाएगा। युवा वैज्ञानिक के असामयिक निधन से सिसवा नगर सहित पूरे महराजगंज जिले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग उन्हें एक प्रतिभाशाली और होनहार वैज्ञानिक के रूप में याद कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *