![]()
लखनऊ के न्यू हैदराबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन 11 मंजिला अपार्टमेंट को लेकर विवाद गहरा गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से निर्माण पर आपत्ति जताए जाने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति को स्थल निरीक्षण कर दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) तरुण गाबा ने एलडीए को पत्र भेजकर न्यू हैदराबाद में रिवरसाइड रेजीडेंस कंपनी के निदेशक धर्मेंद्र सिक्का की ओर से कराए जा रहे 11 मंजिला भवन निर्माण पर आपत्ति जताई है। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। वहीं बिल्डर की ओर से एलडीए को दिए गए प्रार्थना पत्र में दावा किया गया है कि भवन का निर्माण प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप कराया जा रहा है और सभी आवश्यक नियमों का पालन किया जा रहा है। विवाद के निस्तारण के लिए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति में अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा को अध्यक्ष, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम को सदस्य तथा जोन-6 के जोनल अधिकारी को सदस्य-संयोजक बनाया गया है। समिति निर्माण स्थल का निरीक्षण करेगी, स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वास्तविक स्थिति का मिलान करेगी तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं का भी परीक्षण करेगी। इसके अलावा आसपास स्थित बहुमंजिला इमारतों और संबंधित सुरक्षा क्षेत्र पर संभावित प्रभाव का आकलन भी किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Source link
लखनऊ में न्यू हैदराबाद में 11 मंजिला अपार्टमेंट पर विवाद:एलडीए ने बनाई जांच समिति; ADG सुरक्षा की आपत्ति के बाद दो सप्ताह में मांगी गई रिपोर्ट