![]()
लखनऊ में डांस टीचर से इंस्टाग्राम पर बने मुंहबोले भाई ने ठगी कर ली। आरोपी ने पहले भावनात्मक रिश्ता बनाकर भरोसा जीता, फिर दुबई से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर उनसे और उनके पति से करीब 65 लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अशरफाबाद निवासी डांस टीचर बिंदिया रस्तोगी ने बताया कि सितंबर 2025 में उनकी इंस्टाग्राम पर तन्मय त्यागी नाम के युवक से बातचीत शुरू हुई। कुछ समय बाद उसने खुद को अनाथ बताते हुए उन्हें अपनी मुंहबोली बहन बना लिया। इसके बाद दोनों व्हाट्सएप पर बातचीत करने लगे। कुछ दिन बाद तन्मय ने दुबई से उनके लिए गिफ्ट भेजने की बात कही। बिंदिया ने मना किया तो उसने भावनात्मक दबाव बनाकर उन्हें राजी कर लिया। इसके कुछ समय बाद एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को डीएचएल कूरियर कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि तन्मय को पार्सल के साथ कस्टम ने पकड़ लिया है। उसने पार्सल की फोटो भी भेजी, जिसमें हीरे का सेट, सोने की चूड़ियां, मोबाइल और विदेशी मुद्रा दिखाई गई। कस्टम चार्ज के नाम पर मांगे रुपए ठग ने तन्मय और पार्सल को छुड़ाने के लिए अलग-अलग तरह के चार्ज बताकर रुपये मांगने शुरू कर दिए। इस दौरान उसने बिंदिया की तन्मय से भी बात कराई। बाद में तन्मय ने स्वीकार किया कि उसने अनाथ होने की कहानी झूठी बताई थी और कहा कि उसके पिता हार्ट के मरीज हैं, इसलिए फिलहाल रुपये भेज दें, वह बाद में पूरी रकम लौटा देगा। भरोसे में आकर बिंदिया ने पैसे भेज दिए। पति भी ठगों के झांसे में आए कुछ समय बाद तन्मय ने संपर्क बंद कर दिया, लेकिन खुद को कूरियर कंपनी का अधिकारी बताने वाला व्यक्ति लगातार अलग-अलग बहानों से रुपये मांगता रहा। बिंदिया ने पूरी बात अपने पति को बताई। उन्हें ठगी की आशंका हुई, लेकिन वे भी ठगों के झांसे में आ गए और कई बार रकम ट्रांसफर कर दी। सितंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच दंपती ने कुल करीब 65 लाख रुपये ठगों के खातों में भेज दिए। इसके बावजूद आरोपी और पैसे की मांग करता रहा। परेशान होकर बिंदिया रस्तोगी ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर आलोक राय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Source link
लखनऊ में डांस टीचर से 65 लाख ठगे:इंस्टाग्राम पर बने मुंहबोले भाई ने की घटना, दुबई से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर फंसाया