अभिषेक जैन | मैनपुरी4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मैनपुरी के करहल इलाके में सिंहपुर नहर में कूदे नीरज कुमार (22) की तलाश तीसरे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ एटा की टीम मोटरबोट से नहर में लगातार खोजबीन कर रही है। भांवत पुल तक जाल भी लगाया गया है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। नहर में पानी का स्तर बढ़ा होने के कारण बचाव अभियान में टीम को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
करहल थाना क्षेत्र के नगला मनु गांव निवासी नीरज गुरुवार को पत्नी से नाराज होकर घर से निकल गया था। परिजन उसे रोकने और समझाने के लिए पीछे आए, लेकिन वह नहीं रुका। इसी दौरान उसने सिंहपुर नहर में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को नीरज का पत्नी से घरेलू विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। परिवार के लोग उसे रोकने और समझाने के लिए उसके पीछे पहुंचे, लेकिन नीरज नहीं माना। इसी दौरान उसने सिंहपुर नहर में छलांग लगा दी। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
स्थानीय गोताखोरों को नहीं मिली सफलता
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को दी। इसके बाद करहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी नहर में खोजबीन कराई गई, लेकिन नीरज का पता नहीं चल सका। हालात को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ एटा की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने गुरुवार से ही नहर में बचाव अभियान शुरू कर दिया।
मोटरबोट से कई किलोमीटर तक तलाश
एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार शाम तक नहर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया। अब नहर में तलाश का दायरा बढ़ाया जा रहा है। टीम मोटरबोट की मदद से कई किलोमीटर के क्षेत्र में खोजबीन कर रही है। भांवत पुल तक जाल भी लगाया गया है। बचावकर्मी नहर के उन हिस्सों में भी तलाश कर रहे हैं, जहां तेज बहाव के कारण युवक के बह जाने की आशंका है।
बढ़ा पानी बना चुनौती, पुलिस कर रही जांच
बचाव अभियान में नहर का बढ़ा हुआ जलस्तर लगातार चुनौती बना हुआ है। तेज बहाव के कारण टीम को कई हिस्सों में तलाशी लेने में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है।
सीओ सिटी अशोक ने बताया कि घटना के बाद से नहर में लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि नीरज ने किन परिस्थितियों में नहर में छलांग लगाई, इसकी भी जांच की जा रही है।
