लखनऊ में घर में घुसकर फायरिंग का आरोप:दबंगों ने कार में की तोड़फोड़, परिवार को जिंदा जलाने की धमकी


लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में देवा रोड स्थित कंचनपुर मटियारी में दबंगों ने सोमवार सुबह एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी कर दी। घटना से घबराए परिवार ने पुलिस को सूचना दी। कंचनपुर मटियारी निवासी सुनील कुमार उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे विक्रम, त्रिपुरारी शुक्ला, शालिनी शुक्ला समेत 8-10 अज्ञात लोगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। साथ ही पिस्टल तानकर फायरिंग करते हुए जान से मारने की कोशिश की। आरोप है कि घर के बाहर खड़ी कार (UP32MR3276) के शीशे लोहे की रॉड से तोड़ दिए गए और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
गैस के रेगुलेटर खोलकर मारने का प्रयास
सुनील उपाध्याय का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि हमलावरों ने घर के अंदर भी तोड़फोड़ की तथा गैस का रेगुलेटर खोल दिया। उनकी पत्नी ने समय रहते रेगुलेटर बंद कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आरोपियों ने परिवार पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की धमकी भी दी। घटना से घबराए परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को थाने बुलाकर तहरीर ली। मामले में थाना प्रभारी चिनहट दिनेश कुमार मिश्रा का कहना है मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *