रोडवेज बस में चढ़ते ही महिला का पर्स पार:लखनऊ में लाखों के जेवर और नकदी लेकर टप्पेबाज फरार


लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक महिला रोडवेज बस में चढ़ते समय टप्पेबाजी का शिकार हो गई। उतरेठिया चौराहे पर हुई इस घटना में अज्ञात महिला भीड़ का फायदा उठाकर उसका पर्स लेकर फरार हो गई। पर्स में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी थी। यह घटना 30 जून की सुबह करीब 10:30 बजे हुई। जौनपुर जनपद के महाराजगंज निवासी अवनीश सिंह ने पीजीआई पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी निजी काम से लखनऊ आई थीं। उतरेठिया चौराहे पर रोडवेज बस में चढ़ते समय भीड़ का लाभ उठाकर एक अज्ञात महिला ने उनकी पत्नी का पर्स चुरा लिया। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना सामान देखा तो पर्स गायब था। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद पर्स का कोई पता नहीं चल सका। पर्स में एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और कुछ नकदी रखी थी। पीड़ित पक्ष ने जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई है। पीजीआई पुलिस ने अवनीश सिंह की शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *