![]()
देवरिया यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास रविवार रात रूस द्वारा किए गए हमले में एक मालवाहक जहाज पर सवार देवरिया के नाविक की मौत हो गई। सोमवार शाम करीब आठ बजे शिपिंग कंपनी के एजेंट ने फोन पर परिजनों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी अभिषेक निषाद (26), पुत्र कौशल निषाद, पिछले महीने 10 जून को मुंबई के एक एजेंट के माध्यम से ‘गोल्डेन लिओ’ नामक मालवाहक जहाज पर नाविक के रूप में नौकरी करने गए थे। परिजनों के अनुसार, रविवार को जहाज यूक्रेन से सामान लेकर सीरिया जा रहा था। इसी दौरान ओडेसा बंदरगाह के निकट रूसी हमले में जहाज निशाना बन गया। हमले के बाद जहाज पर सवार कई लोग लापता हो गए थे, जिनमें अभिषेक भी शामिल थे। सोमवार शाम शिपिंग कंपनी के एजेंट ने अभिषेक के पिता को फोन कर उनकी मौत की पुष्टि की। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने भी परिजनों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। परिवार भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अभिषेक का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है। परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि अभिषेक का शव जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।
Source link
रूस के हमले में देवरिया का नाविक की मौत:यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास शिप पर हुआ हमला