![]()
लखीमपुर के धौरहरा से विधायक विनोद शंकर अवस्थी खाद की ओवर रेटिंग की शिकायत पर भड़क गए। वो सहकारी समिति पर पहुंचे तो किसानों ने समिति के सचिव पर मनमानी करने का आरोप लगा दिया। कहने लगे कि सचिव किसी की बात नहीं मानता। सरकारी यूरिया और एनपीके खाद ओवर रेट पर बेच रहा है। ये सुनते ही वो विधायक भड़क गए। विधायक ने कहा- मैं रूलिंग पार्टी का विधायक हूं, पेड़ को देख लूं तो वो सूख जाएगा। कोई कितना भी पावरफुल हो, उसे पिटवाकर जेल में बंद कराऊंगा। मुझे गरीब जनता ने वोट दिया है, मैं किसी पैसे वाले का गुलाम नहीं हूं। विधायक ने मौके पर ही सचिव को कॉल लगाकर फटकार लगाई। मामला 17 अगस्त की दोपहर 2 बजे का है। विधायक खरवहिया बाजार की समिति पर गए थे। उनका वीडियो मंगलवार दोपहर को सामने आया है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला बताया जाता है कि लंबे समय से किसान खगियापुर बी-पैक्स समिति पर खाद की ओवररेटिंग की शिकायत कर रहे थे। सोमवार की दोपहर विधायक क्षेत्र भ्रमण पर थे। खरवहिया बाजार में किसानों ने विधायक को रोककर खगियापुर बी-पैक्स समिति पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद दिए जाने की शिकायत की। किसानों की शिकायत पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और मौके पर जांच के लिए अधिकारियों को बुलाया गया। एडीसीओ जुल्फिकार, तहसीलदार धौरहरा और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान समिति के सचिव मौके पर नहीं मिले। फोन पर सचिव ने बताया कि वह समिति पर मौजूद नहीं हैं और कर्मचारी खाद का वितरण कर रहे हैं। ये बात सुनकर विधायक ने फोन पर ही सचिव को फटकार लगाई। कहने लगे कि इस गरीब जनता ने ही मुझे वोट देकर जिताया है। इनके साथ ऐसी लूट बर्दाश्त नहीं करी जाएगी। किसानों की शिकायत के बाद सचिव ने माफी मांगी। किसानों ने सचिव की पहली गलती बताते हुए इस बार माफ करने का अनुरोध किया। जांच के दौरान अधिक लिए गए रुपये किसानों को वापस कराए गए और सचिव को भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
Source link
रूलिंग पार्टी का विधायक हूं,देख लूं तो पेड़ सूख जाएगा:लखीमपुर-खीरी में खाद की ओवर रेटिंग सुनकर भड़के भाजपा MLA विनोद शंकर अवस्थी, सचिव को फटकारा