रायबरेली में PWD निरीक्षण भवन मार्ग बदहाल:कई साल से गड्ढों में तब्दील, दावों की खुली पोल


उत्तर प्रदेश सरकार भले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा कर रही हो, लेकिन रायबरेली में एक महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली इन दावों की पोल खोल रही है। शहर के नेहरू नगर क्रॉसिंग से मनिका रोड को जाने वाला यह मार्ग पिछले कई वर्षों से खराब स्थिति में है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) के निरीक्षण भवन तक जाती है, जहां से मंत्रियों और बड़े अधिकारियों का अक्सर आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद, इस मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है, जिससे स्थानीय लोग और राहगीर परेशान हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टियां इसकी बदहाली की गवाही दे रही हैं। यह मार्ग स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। कीचड़ और पानी भरे रास्तों से गुजरते समय स्कूली बच्चों की यूनीफॉर्म गंदी हो जाती है, और गड्ढों का अंदाजा न लगने से रोजाना दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय जनता का कहना है कि रायबरेली जिले से उत्तर प्रदेश सरकार के दो-दो मंत्री आते हैं, फिर भी इस क्षेत्र का विकास शून्य है। जिले के प्रभारी मंत्री ने बरसात से पहले सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूरे प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों के विपरीत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *