रायबरेली में स्वाइन फ्लू के 3 मामले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट:मरीजों के संपर्क में आए लोगों को दी गई प्रोफाइलैक्टिक डोज


रायबरेली के सलोन तहसील क्षेत्र में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संदर्भित मामलों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हुई है। शुरुआती जांच में तीन मामले सामने आए थे, जिनमें से दो मरीज लखनऊ के निवासी पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दोनों मरीजों के दस्तावेजों में रायबरेली का पता दर्ज था और उन्होंने लखनऊ के अपोलो मेडिक्स हॉस्पिटल में उपचार कराया था। इसी वजह से शुरुआती तौर पर उन्हें रायबरेली के मामलों में शामिल किया गया था। जांच के बाद वास्तविक स्थिति सामने आने पर सीएमओ लखनऊ को इसकी जानकारी दे दी गई है। घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले का एक वास्तविक मामला सलोन में गुरुद्वारे के पास रहने वाले व्यक्ति का सामने आया है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के घर पहुंची और परिवार के सदस्यों तथा संपर्क में आए लोगों को बचाव के लिए प्रोफाइलैक्टिक डोज उपलब्ध कराई। टीम ने केस इन्वेस्टिगेशन फॉर्म भी भरा। इसमें मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री, बीमारी के लक्षण और संक्रमण से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी के इन्क्यूबेशन पीरियड को ध्यान में रखते हुए संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी ली। तीन मरीज इलाज के लिए लखनऊ रेफर सलोन कस्बे के श्रवण मोहल्ले में लक्की सरदार की माताजी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं वार्ड नंबर-4 स्थित माता मोहल्ले के निवासी संदीप गुप्ता और उनकी पत्नी भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए हैं। दोनों को उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है। मामलों की जानकारी मिलने के बाद सलोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने निगरानी और जांच तेज कर दी है। स्वास्थ्य अधिकारियों और सीएचसी टीम के साथ स्थानीय सहयोगियों हरी प्रताप, शिवशीष और फूलचंद मौर्य ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सीएचसी के चिकित्सकों ने बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता रखने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *