कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला:नेताओं पर FIR के विरोध में प्रदर्शन, मथुरा में संविधान के अपमान का आरोप


मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम करीब 8 बजे भाजपा सरकार के खिलाफ मशाल मार्च निकाला। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेताओं पर अभद्रता के आरोप में दर्ज की गई रिपोर्ट के विरोध में किया गया। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कार्रवाई बताया। इस विरोध मार्च का नेतृत्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर संविधान और दलित, शोषित वर्ग के सम्मान के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का लगातार अपमान किया जा रहा है, जिसे संविधान प्रेमी लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। नेताओं के अनुसार, यह डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान और सामाजिक समानता की भावना का भी अपमान है। कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में 8 अगस्त को हुई एक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘विजय शंखनाद रैली’ के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल का कथित ‘शुद्धिकरण’ कराया था। कांग्रेस ने इस कदम को छुआछूत और भेदभाव वाली मानसिकता को बढ़ावा देने वाला बताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने के लिए उनके खिलाफ अभद्रता के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्ताधारी दल की कथित तानाशाही, छात्रों, किसानों, मजदूरों और महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ प्रदेश और देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर दर्ज रिपोर्ट वापस लेने और संविधान तथा सामाजिक समानता का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *