प्रमोद यादव। प्रयागराज14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित पिज्जा हट (Pizza Hut) और बालसन चौराहा स्थित डोमिनोज पिज्जा (Domino’s Pizza) पर कार्रवाई की। पिज्जा हट में खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां पाए जाने पर उसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
यह कार्रवाई कमिश्नर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने सिविल लाइंस स्थित पिज्जा हट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं मिले। परिसर में जल निकासी की व्यवस्था भी समुचित नहीं पाई गई।

निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों का अलगाव चिन्हित नहीं था। एक्सपायर्ड या क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री को अलग रखने की भी उचित व्यवस्था नहीं मिली। मौके पर खाद्य निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों द्वारा हेड कवर और एप्रन का इस्तेमाल भी नहीं किया जा रहा था।
इसके अलावा, डीप फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री के अलग-अलग भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं पाई गई। इन कमियों को देखते हुए खाद्य विभाग ने पिज्जा हट को सुधार के लिए नोटिस जारी किया और सुधार होने तक बिक्री पर रोक लगा दी। टीम ने पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के आधार पर उसका नमूना भी संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है।
इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने बालसन चौराहा स्थित डोमिनोज पिज्जा का निरीक्षण किया। यहां खाद्य लाइसेंस तो मौजूद था, लेकिन प्रतिष्ठान संचालक पेस्ट कंट्रोल के दस्तावेज, पानी की जांच रिपोर्ट और कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
पिज्जा की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य विभाग ने उसका नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया। डोमिनोज पिज्जा को भी आवश्यक कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
