![]()
रायबरेली में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लालगंज स्थित एक होटल को सील कर दिया है। उप जिलाधिकारी लालगंज ने जांच के दौरान होटल को मानक विहीन और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। यह मामला रायबरेली जिले के लालगंज कस्बे से जुड़ा है। स्थानीय ओयो होटल के खिलाफ लगातार मानक विपरीत संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। मोहल्ले के लोगों ने उप जिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि होटल की दूसरी मंजिल पर बच्चों के लिए अवैध रूप से स्विमिंग पूल बनाया गया है। इसके अलावा, होटल में संदिग्ध गतिविधियों की भी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के बाद, उप जिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने आज शाम 5 बजे अचानक मौके पर पहुंचकर होटल की जांच की। जांच के दौरान होटल मैनेजर से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कुछ भी उपलब्ध नहीं करा सका। उप जिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में होटल प्रशासन द्वारा कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसमें रजिस्ट्रेशन के पेपर, फायर एनओसी और जिला प्रशासन द्वारा किए गए रजिस्ट्रेशन के कागजात शामिल थे। दस्तावेजों की अनुपलब्धता के कारण होटल को सील कर दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि होटल की दूसरी मंजिल पर बच्चों के लिए बनाया गया स्विमिंग पूल उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा था। मोहल्ले के लोगों द्वारा लगातार इसकी शिकायत की जा रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
Source link
रायबरेली में संदिग्ध गतिविधियां में होटल सील:दूसरी मंजिल पर बच्चों का अवैध स्विमिंग पूल