![]()
रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित नवजीवन अस्पताल में मंगलवार शाम 4 बजे 34 वर्षीय सीमा नामक महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज के नाम पर धोखाधड़ी और ‘लूट’ का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया है। परिजनों के अनुसार, सीमा एक सड़क हादसे में घायल हुई थीं। उन्हें जिला अस्पताल और एम्स से रेफर किए जाने के बाद सोमवार शाम 8 बजे सारस चौराहे के पास स्थित नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर शैलेश श्रीवास्तव ने महिला को जल्द स्वस्थ करने का आश्वासन दिया और किस्तों में अब तक डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए। परिजनों ने यह भी दावा किया कि सीमा की मौत काफी पहले हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उनसे पैसे ऐंठने के लिए उन्हें गुमराह किया और मौत की सही जानकारी नहीं दी। घटना की सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नवीन चंद्र ने तत्काल जांच के आदेश दिए। दैनिक भास्कर की खबर और परिजनों के भारी विरोध के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में गंदगी और मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव पाया गया। लापरवाही की पुष्टि होने पर अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रायबरेली में नवजीवन अस्पताल में महिला की मौत:परिजनों ने लगाया लापरवाही और लूट का आरोप, अस्पताल सील