रायबरेली में जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत:पति से विवाद के बाद पत्नी ने उठाया कदम,10 साल पहले हुई थी शादी


रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। यह घटना बलेथा मजरे देहली में रविवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद हुई। जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बलेथा मजरे देहली निवासी बृजेश कुमार और उनकी 28 वर्षीय पत्नी सरस्वती के बीच रात में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद देर रात सरस्वती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। रायबरेली जिला अस्पताल रेफर महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवगढ़ पहुंचाया। वहां चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सरस्वती की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस 108 की मदद से महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी शिवगढ़ में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाया था और उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। 10 वर्ष पूर्व हुई थी शादी मृतक सरस्वती की शादी 10 वर्ष पूर्व बलेथा गांव के बृजेश कुमार से हुई थी। वह लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के समेसी गांव निवासी सत्रोहन की छह बेटियों में दूसरे नंबर की बेटी थीं। सरस्वती की मौत से उनके 8 वर्षीय बेटे कार्तिक और 4 वर्षीय बेटे दिव्यांश के सिर से मां का साया उठ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, बृजेश नशे का आदी है। रविवार की शाम मजदूरी से लौटने के बाद वह बाजार से सब्जी लाया था और पति-पत्नी आपस में बातें कर रहे थे। हालांकि, रात में अचानक किस बात को लेकर विवाद हुआ, इसकी सटीक जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि- महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *