रामादेवी चौराहे पर फल विक्रेता पर हमला:रंगदारी न देने पर चाकू से वार, गला दबाकर हत्या का प्रयास


कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी चौराहे पर रविवार रात 9 बजे एक फल विक्रेता पर हमला किया गया। आरोप है कि 200 रुपये की रंगदारी न देने पर दबंगों ने धारदार हथियार से वार किया और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद घायल विक्रेता को उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले कि जांच पड़ताल शुरू कर दी है। चकेरी के देहली सुजानपुर निवासी रमेश कुमार गुप्ता रामादेवी चौराहे पर कई वर्षों से फल का ठेला लगाते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कुछ लोग उनसे प्रतिदिन 200 रुपये की रंगदारी मांगते थे। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़ित के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे आरोपी उनके ठेले पर पहुंचे और 200 रुपए की वसूली मांगी। जब रमेश गुप्ता ने इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जबकि दूसरे ने उनका गला दबा दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख गोली मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। वहीं सूचना पर पहुची पुलिस ने घायल का कांशीराम अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में चिंता फैल गई है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की रंगदारी और हमले छोटे दुकानदारों के लिए काम करना मुश्किल बना देंगे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले दर्जकर आरोपियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *