रामपुर में 4 घंटे चला सघन चेकिंग अभियान:यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई


रामपुर में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान चार घंटे तक चला, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी स्वार, मिलक, बिलासपुर और शाहाबाद सीओ ने अपने-अपने सर्किल क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, बाजारों, हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गहन जांच कराई। पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। बिलासपुर क्षेत्र में नवाब टोल प्लाजा के पास सीओ बिलासपुर के नेतृत्व में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई और ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन न चला रहा हो। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों के चालान काटे गए, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *