![]()
रामपुर में करीब 15 दिन की लगातार बारिश के बाद सोमवार को मौसम बदल गया। दोपहर बाद आसमान साफ हुआ और नीले आकाश में सफेद बादल दिखाई दिए। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सूरज बादलों के बीच छिपा रहा। धूप निकलने से लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिली और तापमान भी बढ़ गया। लगातार बारिश के कारण पिछले कई दिनों से मौसम ठंडा था। सोमवार को धूप निकलने से लोगों को उमस और गर्मी महसूस हुई। हालांकि, आसमान अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। बादल आ-जा रहे हैं और बारिश की आशंका बनी हुई है।
मौसम सुधरने के बावजूद नदियों का जलस्तर बढ़ने से चिंता बढ़ गई है। रामपुर नहर खंड के बाढ़ नियंत्रण कक्ष की सोमवार सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, जिले की प्रमुख नदियों में पानी बढ़ा हुआ है। कोसी नदी का रामनगर बैराज पर डिस्चार्ज 15,348 क्यूसेक दर्ज हुआ, जो लगातार बढ़ रहा है। दड़ियाल बंध पर कोसी का गेज 208.40 मीटर तक पहुंच गया है। इसका खतरे का स्तर 209.69 मीटर है। यानी, जलस्तर खतरे के स्तर से करीब 1.29 मीटर नीचे है। लालपुर वियर पर 24,541 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया।
पिलाखर नदी केमरी बैराज पर 17,140 क्यूसेक पानी के साथ 182.72 मीटर के गेज पर बह रही है। भाखड़ा नदी का बिलासपुर पुल पर गेज 188.97 मीटर दर्ज हुआ। रामगंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। गंगापुर भोपतपुर पर 55,600 और हुसैनगंज पर 54,350 क्यूसेक पानी बह रहा है। हुसैनगंज में जलस्तर 195.94 मीटर है, जबकि खतरे का स्तर 196.36 मीटर है।
हरिपुरा से 500 और बौर जलाशय से 4,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। रामपुर कोठी में 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। प्रशासन ने लोगों से नदियों और पानी भरे इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
Source link
रामपुर में कोसी-रामगंगा खतरे के निशान के करीब:15 दिन बाद धूप निकली, फिर भी प्रशासन अलर्ट; कई इलाकों में बारिश की आशंका