राजर्षि मुक्त विश्वविद्यालय में तिरंगा यात्रा, नशा मुक्ति रैली:वंदे मातरम् और देशभक्ति नारों से गूंजा परिसर


प्रयागराज के राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय में देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस से पूर्व बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा और नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर से शुरू हुआ। हाथों में तिरंगा थामे छात्र-छात्राओं का यह जुलूस मिलन चौक से गुजरते हुए गंगा परिसर में जाकर संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा मार्ग ‘वंदे मातरम्’ के गीतों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। रैली का मुख्य उद्देश्य केवल स्वतंत्रता पर्व का जश्न मनाना नहीं था, बल्कि युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी था। विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “जन-जन का है यही पुकार, नशा मुक्त हो हर परिवार” तथा “जन-जन का है यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश” जैसे प्रभावशाली नारे लगाए, जिन्होंने आम नागरिकों का भी ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति आचार्य सत्यकाम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि देशभक्ति को अपने जीवन में उतारने का एक संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर देश के नवनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने अनुशासन और राष्ट्रसेवा के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को नष्ट करता है, इसलिए शासन के इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना जरूरी है। आयोजन सचिव डॉ. योगेश कुमार यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक दायित्व की भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर प्रो. एस कुमार, प्रो. सत्यपाल तिवारी, प्रो. पीके स्टालिन, प्रो. मीरा पाल, प्रो. एके मलिक सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *