![]()
श्रावस्ती जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना को लेकर बुधवार से 42 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। बुधवार को दोपहर 2:00 बजे विभाग ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिनगा में आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम चरण का शुभारंभ जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जहां मास्टर ट्रेनर फील्ड ट्रेनर को फील्ड स्तर की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण 7 से 9 अक्टूबर तक चलेगा। मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रपत्र, आवश्यक दिशा-निर्देश और फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद फील्ड ट्रेनर संबंधित गणना कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। जिम्मेदारी से दायित्व निभाएं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी कार्मिक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से दायित्व निभाएं। कोई भी व्यक्ति अथवा परिवार गणना से छूटने न पाए और प्रत्येक परिवार से प्राप्त सूचनाओं का सही एवं सावधानीपूर्वक संकलन किया जाए। उन्होंने जनगणना के दौरान सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुसार निष्पक्षता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण में मिली जानकारी को गणना कर्मियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। किसी भी शंका या कठिनाई का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान कराया जाए। साथ ही प्रत्येक परिवार को यह भी बताया जाए कि जनगणना क्यों जरूरी है और इससे आमजन को क्या लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए श्रावस्ती को बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल कराने की अपील की। अपर जिलाधिकारी ललित कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना के दौरान भरे जाने वाले प्रपत्रों, दिशा-निर्देशों और फील्ड स्तर की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित निर्धारित सूचनाओं का सही व सावधानीपूर्वक संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Source link
जनगणना-2027 के लिए 42 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू:श्रावस्ती में 7 से 9 अक्टूबर तक चलेगा तीन दिवसीय कार्यक्रम