![]()
रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले इस पर्व के मद्देनजर मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में लगभग 3500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र, कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिक्षेत्र में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड/पीआरडी जवान और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं। इनमें मेरठ में 32, बुलंदशहर में 28, बागपत में 12 और हापुड़ में 11 स्क्वॉड शामिल हैं। रक्षाबंधन से पहले बाजारों में राखी, मिठाई और अन्य सामान की खरीदारी के कारण देर रात तक भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, जेबकटी और लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों को भी तैनात किया जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हाईवे, मुख्य मार्ग और संपर्क मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़भाड़ वाले बाजार, मॉल, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और लावारिस वस्तुओं की एंटी-सबोटाज टीम से जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। परिक्षेत्र में कुल 10 मेले प्रस्तावित हैं, जिनमें मेरठ और हापुड़ में पांच-पांच मेले शामिल हैं। इन मेलों के आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक भीड़ वाले मार्गों को चिन्हित कर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यूपी-112 की पीआरवी का भी आवश्यकतानुसार पुनर्व्यवस्थापन किया जाएगा। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी स्वयं अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे, ताकि कोई भी छोटी घटना बड़ा रूप न ले सके।
Source link
रक्षाबंधन पर मेरठ परिक्षेत्र में 3500 पुलिसकर्मी तैनात:83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय, बाजारों-स्टेशनों पर कड़ी निगरानी