सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने डीआईओएस पर लगाए आरोप:कहा- भाजपा प्रत्याशी के लिए कर रहे काम, प्रयागराज डीएम से शिकायत


एमएलसी चुनाव की सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने प्रयागराज के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. संतोष कुमार राय पर पद का दुरुपयोग करते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में खुलकर काम करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा। जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को स्थानीय केपी कम्युनिटी हॉल में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक बैठक आयोजित की गई थी। सपा प्रत्याशी को जानकारी मिली है कि इस बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को जबरन शामिल करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से फोन करवाकर बुलाया गया। आरोप है कि बैठक के दौरान उपस्थित शिक्षाविदों पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने का अनुचित दबाव बनाया गया। आचार संहिता के तहत कार्रवाई की मांग
सपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि केपी कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस बैठक की तुरंत निष्पक्ष जांच कराई जाए। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं अधिकारियों के खिलाफ लागू कानून के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, स्नातक एमएलसी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह से निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाए। जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान सपा शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल, सुरेश कुमार, राजू पासी, प्रशांत सिंह आदि थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *