![]()
मेरठ में रक्षाबंधन पर्व से पहले जेल में बंद भाइयों से मिलने वाली बहनों को मिठाई ले जाने की अनुमति देने की मांग उठी है। सीसीएस यूनिवर्सिटी के छात्र नेता ने इस संबंध में महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश को पत्र भेजा है। उन्होंने सुरक्षा जांच के बाद उचित मात्रा में मिठाई अंदर ले जाने की अनुमति देने का आग्रह किया है। शुक्रवार को देश भर में रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की विभिन्न जिला कारागारों में बंद कैदियों की बहनें उनसे मिलने और राखी बांधने पहुंचेंगी। यह पर्व लंबे समय से परिवार से दूर रहने वाले बंदियों के लिए महत्वपूर्ण होता है। छात्र नेता विनीत चपराना ने अपने पत्र में बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई जेलों में बहनों को घर से लाई गई मिठाई भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व में बहनें अपने भाइयों के लिए मिठाई लेकर जेल में मुलाकात करती रही हैं। छात्र नेता ने डीजी जेल से अनुरोध किया है कि सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता किए बिना, मिठाई की पूरी जांच-पड़ताल के बाद निर्धारित और उचित मात्रा में उसे अंदर ले जाने की अनुमति दी जाए। पत्र में कहा गया है कि जेल में बंद व्यक्ति भी किसी का भाई और परिवार का सदस्य है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का पर्व है। ऐसे में बहनों को अपने भाइयों के साथ मिठाई साझा करने का अवसर देना मानवीय दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण होगा। विनीत चपराना ने मांग की है कि इस संबंध में जल्द निर्णय लिया जाए और प्रदेश की सभी जेलों में एक समान व्यवस्था लागू की जाए। इससे रक्षाबंधन के मौके पर हजारों बंदियों और उनके परिवारों को सुविधा मिल सकेगी।
Source link
रक्षाबंधन पर जेल में मिठाई ले जाने की अनुमति मांगी:सुरक्षा जांच के बाद डीजी जेल से छात्र नेता ने की मांग