![]()
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में गुरुवार को धान के खेत में निराई कर रही महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं झुलस गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा सिवान में धान की रोपाई करते समय हुआ। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में महिलाएं धान के खेत में निराई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से नीतू देवी (40) पत्नी हरिकांत राम, अनीता देवी (40) पत्नी संतोष, रेनू देवी (35) पत्नी राजकुमार, राधिका देवी (50) पत्नी शाहजू राम, सरिता (27) पुत्री जगदीश, संजना (17) पुत्री रामभुवन और गीता देवी (54) पत्नी फूलचंद्र झुलस गईं। हादसे के बाद नीतू देवी, अनीता देवी और रेनू देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीतू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनीता और रेनू की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। वहीं राधिका, सरिता, संजना और गीता को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम
नीतू देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका नीतू के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामले की सूचना मिलने पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते चले कि गुरुवार को जिले के आउटर वाले इलाकों में बारिश भी हुई। इसी दौरान रोपाई कर रही महिलाओं के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई जिस कारण यह हादसा हो गया।
Source link
आजमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 6 महिलाएं झुलसी:एक की हुई मौत, गंभीर रूप से झुलसी महिलाओं को रेफर किया गया हायर सेंटर