![]()
लखनऊ में रविवार को ज्ञान, कला, रचनात्मकता और रोमांच के संगम ‘यूफोरिया 2026’ में लखनऊ पब्लिक स्कूल ( सी.पी. सिंह फाउंडेशन) की सभी 10 शाखाओं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय अंतर-शाखीय आयोजन का रविवार को सेक्टर-I शाखा स्थित श्री सी.पी. सिंह मेमोरियल ऑडिटोरियम में समापन हुआ। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी मेधा, कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति और टीम भावना का परिचय दिया। शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ पब्लिक स्कूल की उन्नाव शाखा ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि एल.पी.एस. साउथ सिटी एवं एल.पी.एस. सेक्टर-आई की शाखाएं संयुक्त रूप से उप-विजेता घोषित किए गए। गणित एवं विज्ञान तथा सामान्य जागरूकता प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने अपनी विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय कौशल का प्रदर्शन किया। रोचक सवालों, वीडियो राउंड, चित्रों के माध्यम से पहचान और रैपिड फायर जैसे चरणों ने मुकाबलों को रोमांचक बनाया। बराबरी की स्थिति में टाई-ब्रेकर भी आयोजित किए गए। मंच पर कला, संस्कृति और अभिव्यक्ति का संगम मंचीय प्रस्तुतियों में ‘द्रौपदी की पुकार’, हरिवंश राय बच्चन की कविता ‘जो बीत गई सो बात गई’, ‘वीरों का कैसा हो वसंत’, ‘नारी अब है छाई’, शिव तांडव, संत कबीर की कविताओं पर आधारित प्रस्तुति, ‘रश्मिरथी’ और ‘कृष्ण की चेतावनी’ ने दर्शकों को प्रभावित किया। इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति, नारी सशक्तीकरण, भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जीते पुरस्कार ‘वॉइस ऑफ रीजन’ अंग्रेजी वाद-विवाद में पक्ष की श्रेणी में सिद्धिक्षा श्रीवास्तव और विपक्ष में रितिका द्विवेदी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। ‘शैडो/सिलुएट टू स्टोरी’ में नित्या वर्मा और अंजलि सिंह, जबकि ‘आर्ट विदाउट अ ब्रश’ में शुभानंद पांडेय एवं जानवी नारायण तथा अक्रिता सिंह एवं दिव्यांश श्रीवास्तव की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ‘टू वर्ल्ड्स, वन कैनवास’ में अनीश त्रिपाठी और लक्ष्मण, ‘न्यूजपेपर डिजाइनिंग’ में नित्या शुक्ला और अनन्या शुक्ला, ‘लोगो डिजाइनिंग’ में वंशिका मौर्य, ‘वर्ड विजार्ड’ में रोजर सिंह सोनल तथा ‘एड मेनिया’ में बव्या सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। ‘डिबगिंग चैलेंज’ में प्रेम विश्वकर्मा और आर्यन गुप्ता तथा ‘डेटाबेस डिटेक्टिव’ में अंशिका यादव और साक्षी राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया। ‘काव्यांजलि’ में जानकीपुरम शाखा, ‘क्विज क्वेस्ट’ में काव्या एवं वरीशा और ‘साइंस क्वेस्ट’ में अथर्व वी. दिशावल एवं दिव्य भट्ट विजेता रहे। उन्नाव शाखा ने अपने नाम किया ओवरऑल खिताब लखनऊ पब्लिक स्कूल की निदेशिका डॉ. रश्मि पाठक जी ने विद्यार्थियों को संचार कौशल, आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति का महत्व बताया, एवं सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ पब्लिक स्कूल की उन्नाव शाखा ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। ‘यूफोरिया 2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नई चीजें सीखने और टीम भावना विकसित करने का अवसर दिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के जोशीले नारे ‘ईस्ट ऑर वेस्ट, एलपीएस इज बेस्ट’ के साथ हुआ।
Source link
लखनऊ में 'यूफोरिया 2026' आयोजित:विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति का दिया परिचय